पुराने गणपति घाट पर प्याज से भरे ट्रक में लगी आग, FRV टीम ने टाला बड़ा हादसा...
धामनोद। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के राऊ-खलघाट मार्ग स्थित पुराने गणपति घाट पर सोमवार को प्याज से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक के डीजल पाइप में आग लगने के बाद देखते ही देखते वायरिंग और आसपास के हिस्से में आग फैलने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की FRV-20 और FRV-21 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने बिना देरी किए फायर स्प्रे की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया और उसे बढ़ने से रोक दिया। साथ ही धामनोद और मांडव फायर ब्रिगेड को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।
FRV टीम की तत्परता के चलते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना में ट्रक चालक और हेल्पर सुरक्षित हैं। किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। इस त्वरित कार्रवाई में FRV-20 के पायलट लखन वर्मा, FRV-21 के पायलट दीपक निगवाल, पुलिस स्टाफ 284 वीरेंद्र निमाड़ी एवं आरक्षक 1193 इन्द्रपाल लोधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Comments
Post a Comment