ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करते तीन आरोपी गिरफ्तार...
स्विफ्ट कार और करीब 200 लीटर चोरी का ट्रांसफार्मर ऑयल जब्त
कानवन। कानवन थाना पुलिस ने ग्राम मुरड़का में ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार और करीब 200 लीटर चोरी किया गया ट्रांसफार्मर ऑयल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त की रात करीब 2.30 बजे ग्राम मुरड़का में तीन बदमाश ट्रांसफार्मर की बुशिंग तोड़कर उसमें से ऑयल चोरी कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की मदद से तीनों को पकड़ लिया गया। मामले में लाइनमैन बलवंतसिंह परमार निवासी मुरड़का की रिपोर्ट पर कानवन थाने में अपराध क्रमांक 266/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसडीओपी बदनावर अरविन्दसिंह तोमर के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र पिता विक्रमसिंह मकवाना (29) निवासी ग्राम गोंदिया थाना बिलपांक, सोनू पिता कन्हैयालाल भाटी (22) निवासी एवरिया थाना बिलपांक तथा कृष्णा पिता राधेश्याम भाटी (24) निवासी इंद्रलोक नगर, थाना औद्योगिक क्षेत्र, रतलाम शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों और उनके संभावित साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया, उप निरीक्षक सोहनसिंह कायत, प्रधान आरक्षक रामेन्द्रसिंह तथा आरक्षक भगवती, नवीन और अजयपाल की सराहनीय भूमिका रही।

Comments
Post a Comment