राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी का रोमांच, मैत्री मुकाबले में धार फीडर सेंटर विजयी...
धार। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को हॉकी के जादूगर पद्मश्री मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में हॉकी मैत्री मैच का आयोजन किया गया। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला हॉकी संघ के संयुक्त तत्वावधान में यह मुकाबला डीआरपी लाइन स्थित हॉकी फीडर सेंटर में खेला गया।
मैच में हॉकी फीडर सेंटर धार और सरदारपुर खेल परिसर की टीमों ने हिस्सा लिया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबले में धार की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सरदारपुर को 5-2 से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह गुर्जर तथा जिला हॉकी संघ अध्यक्ष पं. छोटू शास्त्री लिटिल शटलर एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद निगम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैच का शुभारभ किया, मुकाबले के बाद अतिथियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह गुर्जर ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। हॉकी जैसे खेलों को बढ़ावा देने से नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। खिलाड़ियों को जीत-हार से अधिक खेल भावना और निरंतर मेहनत पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें तो राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
जिला हॉकी संघ अध्यक्ष पं. छोटू शास्त्री ने कहा कि धार में हॉकी की समृद्ध परंपरा रही है और इसे आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मैत्री मुकाबलों से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास के साथ प्रतिस्पर्धी माहौल मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और खेल के प्रति पूरी निष्ठा बनाए रखने की बात कही।
इस अवसर पर हॉकी प्रशिक्षक मनीष सोलंकी, युवा समन्वयक अनिरुद्ध चावड़ा, प्रकाश पटेल, अमित भगोर, आशीष यादव, धनंजय यादव सहित खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में हॉकी प्रशिक्षक मनीष सोलंकी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।


Comments
Post a Comment