नानादेवी मंदिर चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार...


₹2.30 लाख का चांदी का सामान बरामद, दो आरोपी फरार

धार। धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध नानादेवी मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किए गए चांदी के मुकुट, कुंडल, छत्र तथा नाग-नागिन के दो जोड़े सहित करीब 2 लाख 30 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। वारदात में शामिल दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार 24 जुलाई 2026 को अमझेरा निवासी कांतिलाल पिता परसराम मोदी ने थाना अमझेरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चालनी रोड स्थित हरदम लाला मंदिर के सामने तंबोली समाज के प्रसिद्ध नानादेवी मंदिर के चैनल गेट और दरवाजे के ताले तोड़कर अज्ञात बदमाश मंदिर में घुसे। आरोपियों ने माताजी का चांदी का मुकुट, चांदी के कान के कुंडल, तीन चांदी के छत्र, नाग-नागिन के दो जोड़े, भोलेनाथ व गणेशजी की पीतल की मूर्तियां, लड्डू गोपाल की चार छोटी पीतल की मूर्तियां तथा सीसीटीवी कैमरे की ज्योनिक्स कंपनी की 17 इंच एलईडी चोरी कर ली थी।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 272/24.07.2026 के तहत धारा 331(4), 305(डी) बीएनएस 2023 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश की। सूचना के आधार पर पुलिस ने समीर पिता बहादुर मंडलोई निवासी कुड़ुझेता, संजय पिता हिंदु मेड़ा निवासी नाहवेल और सुरेश पिता रतनसिंह मंडलोई निवासी कुड़ुझेता को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी रवि उर्फ रविन्द्र पिता सरदार भील निवासी पिपरी तथा महेन्द्र पिता बिलाम भुरिया निवासी नाहवेल के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के अनुसार पांचों मोटरसाइकिल से रात में अमझेरा पहुंचे थे। लोहे की टांमी से मंदिर के दरवाजे का ताला और नकुचा तोड़कर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और बाद में चोरी का सामान आपस में बांट लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नानादेवी माताजी का चांदी का मुकुट, चांदी के कान के कुंडल, तीन चांदी के छत्र तथा नाग-नागिन के एक बड़े और एक छोटे जोड़े सहित करीब 2.30 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों में समीर मंडलोई, संजय मेड़ा और सुरेश मंडलोई शामिल हैं, जबकि रवि उर्फ रविन्द्र भील और महेन्द्र भुरिया फरार हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। समीर के विरुद्ध विभिन्न थानों में 9, संजय के विरुद्ध 8 तथा सुरेश के विरुद्ध 3 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। ये मामले थाना बाग, मनावर, सरदारपुर, पीथमपुर एवं सेक्टर-1 में दर्ज बताए गए हैं।

पूछताछ में समीर और संजय ने मई माह में बाग के आगर घाटी क्षेत्र में एक महिला और पुरुष को रोककर फालिया अड़ाकर उनकी थैली से चांदी की तागली लूटने की घटना में भी शामिल होना स्वीकार किया है।

पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजू मकवाना के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिलीप खाण्डे, उपनिरीक्षक रमेशचन्द्र डामोर, सहायक उपनिरीक्षक दिवाकरसिंह बैस सहित थाना अमझेरा पुलिस एवं साइबर टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

Comments

Popular posts from this blog

भैंस चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पिकअप सहित दो भैंसे बरामद

208 Retired Teachers Honoured in Dhar; 13 Distinguished Personalities Felicitated...

धार के गुरुकुल एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस