भोजशाला में हनुमान चालीसा पाठ, पीछे निर्धारित परिसर में अदा हुई जुमे की नमाज...

 

धार. ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में शुक्रवार को हिंदू समाज के आह्वान पर विशेष हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। वहीं दोपहर में मुस्लिम समाज के लोगों ने भोजशाला के पीछे स्थित खसरा क्रमांक 612 के निर्धारित परिसर में जुमे की नमाज अदा की। दोनों समुदायों के धार्मिक आयोजनों के दौरान आवागमन और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतते हुए अलग-अलग मार्गों की व्यवस्था की थी। 

धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने धार्मिक आयोजनों से पहले भोजशाला परिसर तथा नमाज स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन के लिए निर्धारित मार्गों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

दरअसल, पिछले शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों के दरगाह की ओर आने-जाने के दौरान भोजशाला के बाहर आवागमन को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। हिंदू समाज की ओर से आरोप लगाया गया था कि मुस्लिम समाज के लोगों की आवाजाही के कारण करीब 45 मिनट तक रास्ते में परेशानी हुई। कुछ लोगों ने रास्ता रोके जाने और बंधक बनाए जाने के आरोप भी लगाए थे। हालांकि, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दोनों पक्षों के आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं।

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत दोनों समुदायों के आवागमन के लिए निर्धारित अलग-अलग मार्गों को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। पुलिस बल की तैनाती के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

आमतौर पर शुक्रवार को भोजशाला में विशेष हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन नहीं किया जाता है। पिछले शुक्रवार को सामने आई स्थिति के बाद हिंदू संगठनों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखी थीं। इसके बाद हिंदू संगठनों के आह्वान पर इस शुक्रवार को विशेष हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया गया। भोजशाला में पाठ शुरू होने के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचे।

इधर, भोजशाला के पीछे स्थित निर्धारित परिसर में मुस्लिम समाज के लोगों ने जुमे की नमाज अदा की। प्रशासन ने दोनों धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवागमन के मार्ग अलग रखे और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए।



Comments

Popular posts from this blog

भैंस चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पिकअप सहित दो भैंसे बरामद

208 Retired Teachers Honoured in Dhar; 13 Distinguished Personalities Felicitated...

धार के गुरुकुल एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस