संजय नगर कॉलोनी में विवाद और वाहनों में तोड़फोड़, आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश....


धार। धार के संजय नगर कॉलोनी में पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद के बाद वाहनों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपी फरार मिले।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त की रात करीब 10 बजे संजय नगर कॉलोनी निवासी संजय चौहान अपने पुत्र के साथ विजय सक्सेना के घर के बाहर पहुंचा। बताया गया कि विजय सक्सेना के पुत्र के संजय चौहान की बेटी से बातचीत और मिलने को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान घर के बाहर खड़ी कार, स्कूटी समेत अन्य वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है।

सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फरियादिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने संजय पिता गिरधारी चौहान और उसके पुत्र के खिलाफ अपराध क्रमांक दर्ज कर बीएनएस की धारा 296(ए), 324, 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

पहले भी हो चुका है विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में शामिल दोनों बच्चे पड़ोसी हैं और एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच पहले भी आपसी विवाद होने की जानकारी सामने आई है।

तीन थानों के बल ने दी दबिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए 19 अगस्त को नगर पुलिस अधीक्षक धार शशांक सिंह गुर्जर के नेतृत्व में नौगांव, कोतवाली और तिरला थाने के पुलिस बल के साथ पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल ने आरोपियों के घर पर दबिश दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपी घटना के बाद से ही घर से फरार हैं।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ संजय नगर कॉलोनी और अन्य संभावित स्थानों पर आरोपियों की तलाश की। पुलिस द्वारा आरोपियों के मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित आवश्यक जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और गिरफ्तारी के बाद मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

भैंस चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पिकअप सहित दो भैंसे बरामद

208 Retired Teachers Honoured in Dhar; 13 Distinguished Personalities Felicitated...

12-Foot ‘Matabakhla Cha Maharaja’ Ganesh Idol Becomes Major Attraction...