चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, आरोपी पति दो घंटे में गिरफ्तार
लट्ठ से बेरहमी से पीटा था, उपचार के दौरान काजल ने तोड़ा दम; पुलिस ने हथियार समेत अहम साक्ष्य किए जब्त...
मनावर। चरित्र शंका को लेकर पत्नी के साथ लट्ठ से मारपीट करने के मामले में मनावर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को करीब दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गंभीर चोटों के चलते घायल पत्नी की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को ग्राम जाजमखेड़ी कालाभाटा से सूचना मिली थी कि दुर्गेश पिता कैलाश मौर्य, निवासी जाजमखेड़ी कालाभाटा ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी काजल के साथ बॉस के लट्ठ से मारपीट की। मारपीट में काजल के हाथ, पैर, सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घायल काजल को डायल-112 की सहायता से सिविल अस्पताल मनावर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मनावर थाने में अपराध क्रमांक 576/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस 2023 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी मनावर ब्रजेश मालवीय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दुर्गेश (26) को 17 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बॉस का लट्ठ, घटनास्थल से खून लगी मिट्टी एवं सादी मिट्टी तथा घटना के समय आरोपी द्वारा पहनी गई खून लगी जींस जब्त की है। आरोपी को न्यायालय मनावर के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले में विवेचना जारी है और आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ सहित अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, उपनिरीक्षक गिलदार सिंह बघेल, उपनिरीक्षक मनीष चौधरी, प्रधान आरक्षक रणजीत सिंह तथा आरक्षक कमलेश, जितेंद्र और राकेश मुवेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Comments
Post a Comment