उफनते नाले को पार कर स्कूल पहुंचे बच्चे, पिकअप से लटकते दिखे छात्र
जशपुर। जिले के सन्ना इलाके में लगातार हो रही बारिश के बीच स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में दर्जनों बच्चे पिकअप वाहन से उफनते नाले का रपटा पार करते नजर आ रहे हैं। कुछ छात्र वाहन से बाहर लटकते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मामला सन्ना थाना क्षेत्र से करीब एक किलोमीटर दूर का है। बारिश के कारण इलाके के नदी-नाले उफान पर हैं और रपटे पर पानी का तेज बहाव है। इसके बावजूद बच्चों से भरी पिकअप को रपटे से पार कराया गया। वीडियो में वाहन के भीतर बड़ी संख्या में बच्चे बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ बच्चे बाहर लटके नजर आते हैं।
हादसे का बना था खतरा
तेज बहाव के बीच इस तरह वाहन से नाला पार करना बच्चों के लिए बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता था। अचानक पानी का बहाव बढ़ने या वाहन का संतुलन बिगड़ने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। बारिश के मौसम में रपटों पर पानी का स्तर तेजी से बढ़ने का खतरा बना रहता है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि बच्चों को जोखिम उठाकर आवागमन न करना पड़े।
प्रशासन की कार्रवाई पर नजर-
पिकअप में क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। हालांकि, बच्चों का वाहन से बाहर लटकना अपने आप में गंभीर लापरवाही का संकेत है। स्थानीय लोगों ने बारिश के दौरान स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और संवेदनशील रपटों पर निगरानी की मांग की है।
वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रशासन की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर लोगों की नजर है। संबंधित अधिकारियों से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन फिलहाल घटना को लेकर कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Comments
Post a Comment