जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश के लाइव प्रसारण को देखा गया बदलते दौर का मध्यप्रदेश, धार जिले की विकासगाथा का हुआ वितरण


धार। जिला मुख्यालय स्थित किला मैदान पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इसके पश्चात कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान हुआ। कलेक्टर श्री मीना ने पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा के साथ संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसएएफ एवं पुलिस प्लाटून द्वारा हर्षफायर किया गया तथा पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रीय धुन प्रस्तुत की गई। कलेक्टर श्री मीना ने संयुक्त परेड की सलामी ली तथा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। परेड का नेतृत्व परिवीक्षाधीन डीएसपी श्री गगन हनवत ने किया।

       स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस का गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य और गर्व का विषय है कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित विगत 12 वर्षों में देश ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और करोड़ों भारतीयों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि आज हर घर तिरंगा लहरा रहा है, गलियों में देशभक्ति के तराने गूंज रहे हैं और जन-जन के मन में देशप्रेम का भाव दिखाई दे रहा है। यह अवसर हमें स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का स्मरण कराता है। उन्होंने जिलेवासियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


        कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब हम आजादी की 100वीं वर्षगांठ मना रहे होंगे और भारत विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व का पथ-प्रदर्शक बनेगा। उन्होंने सभी जिलेवासियों से मिल-जुलकर जिले एवं प्रदेश के विकास में योगदान देने तथा राष्ट्र की प्रगति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

       संयुक्त परेड में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, एनसीसी पीजी कॉलेज बॉयज सहित विभिन्न विभागों एवं विद्यालयों के दलों ने उत्साहपूर्वक मार्चपास्ट में भाग लिया। परेड के दौरान देशभक्ति एवं अनुशासन का अनुपम प्रदर्शन देखने को मिला।

जिले की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की झलक

समारोह के दौरान जनसंपर्क विभाग द्वारा जिले की विकास यात्रा एवं प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित ‘धार जिले की विकास गाथा’ पुस्तक का वितरण किया गया। पुस्तक में जिले की विकास यात्रा, विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को शामिल किया गया है। इसमें उल्लेख किया गया है कि विगत ढाई वर्षों में जिले के समग्र विकास पर 9,451.16 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।

         जिले ने कौशल विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। नेशनल अप्रेन्टशिप स्कीम के अंतर्गत 964 प्रशिक्षुओं के लक्ष्य के विरुद्ध 5,008 प्रशिक्षुओं को विभिन्न कंपनियों में अप्रेन्टिस के रूप में संलग्न कर जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

        प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में 43,287 हितग्राहियों को 5,194.44 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। वहीं, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 3,95,956 हितग्राहियों को 1,713.31 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया है।

         जिले में औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र भैंसोला में 88.75 करोड़ रुपये की लागत से 205.409 हेक्टेयर क्षेत्र में पीएम मित्र पार्क का विकास किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जेतपुरा में 21 हेक्टेयर क्षेत्र में नवीन औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। यहां 107 औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की जा चुकी है, जिससे लगभग 130 करोड़ रुपये का निवेश तथा 450 लोगों के लिए रोजगार प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण

समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम दिए गए संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने मुख्यमंत्री के संदेश को देखा और सुना।

        इसके उपरांत कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही मीसाबंदी/लोकतंत्र सेनानी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का भी सम्मान किया गया।

       स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को भी सम्मानित किया गया। परेड सीनियर वर्ग में विशेष सशस्त्र बल ने प्रथम, महिला बल ने द्वितीय तथा एनसीसी पीजी कॉलेज बॉयज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

      इसी प्रकार परेड जूनियर वर्ग में एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय धार (बालक) ने प्रथम, एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय धार (बालिका) ने द्वितीय तथा स्काउट गाइड मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

      सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय भोज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धार ने प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-4, धार ने द्वितीय तथा उत्कृष्ट विद्यालय धार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों एवं दलों को समारोह में पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

        समारोह में विधायक श्रीमती नीना वर्मा, श्री निलेश भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, वनमण्डलाधिकारी श्री विजयानंथम टी आर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक चौधरी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन श्री प्रवीण शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

भैंस चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पिकअप सहित दो भैंसे बरामद

208 Retired Teachers Honoured in Dhar; 13 Distinguished Personalities Felicitated...

धार के गुरुकुल एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस