कुक्षी में जनसंवाद शिविर: मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान, 8 समूहों को मिला 27 लाख का ऋण

धार। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत कुक्षी में शुक्रवार को जिला स्तरीय जनसंवाद एवं समस्या निराकरण शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर राजीव रंजन मीना की मौजूदगी में हुए इस शिविर में ग्रामीणों और आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


शिविर की खास उपलब्धि के रूप में बैंक लिंकेज के जरिए 8 स्वयं सहायता समूहों को कुल 27 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा जरूरी दस्तावेजों के बारे में बताया।


समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

जनसंवाद के दौरान लोगों ने अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याओं, मांगों और आवेदनों से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर मीना ने प्रकरणों को सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उनमें मौके पर ही कार्रवाई की जाए, जबकि अन्य प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान भी स्थानीय नागरिकों से सीधे बातचीत की और क्षेत्र की जरूरतों तथा विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के साथ ही विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उद्यमियों से चर्चा, धूलसर औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण

कुक्षी में आयोजित उद्यम संवाद के दौरान कलेक्टर ने स्थानीय उद्यमियों और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से बातचीत की। उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव सामने रखे, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

इसके बाद प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र धूलसर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एमएसएमई विभाग, लघु उद्योग निगम और राजस्व विभाग की टीम ने क्षेत्र में चल रहे सीमांकन संबंधी कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में जयदीप पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जन विश्वास अभियान के जरिए प्रशासन को आम लोगों के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत करना है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी, कुक्षी एसडीएम विशाल सिंह धाकड़, नगर परिषद सीएमओ मयाराम सोलंकी, उपाध्यक्ष शेख सब्बर बोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

भैंस चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पिकअप सहित दो भैंसे बरामद

208 Retired Teachers Honoured in Dhar; 13 Distinguished Personalities Felicitated...

धार के गुरुकुल एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस