धार के कराते खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीते 5 पदक

धार। कराते एसोसिएशन इंडिया द्वारा कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय कराते चैंपियनशिप 2026 में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए धार जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 2 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 5 पदक जीतकर धार जिले के साथ ही मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में धार के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं वजन वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गरिमा तिवारी ने 14-15 वर्ष आयु वर्ग के 47 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। वहीं श्रेया रिंगनोदिया ने 8-9 वर्ष आयु वर्ग के 20 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया।

इसी तरह शिया प्रजापति ने 12-13 वर्ष आयु वर्ग के काता इवेंट में कांस्य पदक, अरिंदम राजावत ने 12-13 वर्ष आयु वर्ग के 40 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक तथा जसबानी कौर खेड़ा ने 16-17 वर्ष आयु वर्ग के 66 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता।

जसबानी कौर खेड़ा, अवतार सिंह खेड़ा की पोती और रणजीत सिंह खेड़ा की बेटी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त कर आगे के अंतरराष्ट्रीय चयन की दिशा में अपनी दावेदारी मजबूत की है। उनके प्रदर्शन से परिवार के साथ-साथ पूरे सिख समाज में भी खुशी का माहौल है।

खिलाड़ियों के धार आगमन पर खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी राजेश शाक्य, धार डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष गुमान सिंह फौजी एवं सचिव दुष्यंत सिंह चौहान ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सभी खिलाड़ी खेल एवं युवक कल्याण विभाग की प्रशिक्षक शालिनी मिश्रा से कराते का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में भी उत्साह है।

Comments

Popular posts from this blog

भैंस चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पिकअप सहित दो भैंसे बरामद

208 Retired Teachers Honoured in Dhar; 13 Distinguished Personalities Felicitated...

धार के गुरुकुल एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस